RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य क्षेत्र को बजट में मिली प्राथमिकता पर स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री का जताया आभार

रायपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बजट 2026-27 में स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली विशेष प्राथमिकता पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का यह तीसरा बजट प्रदेश की 3 करोड़ जनता के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए समर्पित है। पिछले दो वर्षों में हासिल विकास की गति को और तेज करने तथा “छत्तीसगढ़ अंजोर 2047” के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के उद्देश्य से यह बजट प्रस्तुत किया गया है। यह बजट राज्य को समृद्ध और खुशहाल बनाने का ‘संकल्प’ है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और वित्त मंत्री की वित्तीय प्रतिबद्धता के चलते स्वास्थ्य विभाग को व्यापक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। राज्य के शासकीय कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का निर्णय उन्होंने ऐतिहासिक बताया।

बजट में शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान भारत योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अंबिकापुर और धमतरी में जिला अस्पताल भवन निर्माण, रायपुर (कालीबाड़ी) में 200 बिस्तरों वाले एमसीएच की स्थापना तथा चिरमिरी में जिला अस्पताल निर्माण जैसी घोषणाएं स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करेंगी।

दुर्ग, कोंडागांव, जशपुर और रायपुर में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र तथा दंतेवाड़ा, मनेन्द्रगढ़, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। कांकेर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, सरिया और महासमुंद में नर्सिंग कॉलेज, राजनांदगांव में फिजियोथेरेपी कॉलेज तथा रायपुर में उन्नत कार्डियक इंस्टिट्यूट की स्थापना से चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा 25 डायलिसिस केंद्र, 50 जन औषधि केंद्र और 25 से अधिक पीएचसी, एसएचसी व सीएचसी भवनों के निर्माण का प्रावधान ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को विस्तारित करेगा। बिलासपुर में स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट और रायपुर में राज्य के पहले होम्योपैथी कॉलेज की स्थापना को भी ऐतिहासिक कदम बताया गया।

सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में अधोसंरचना विस्तार हेतु 25 करोड़ रुपये का प्रावधान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहतकारी सिद्ध होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के बेहतर स्वास्थ्य, समग्र विकास और सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।” उन्होंने विश्वास जताया कि बजट 2026-27 के प्रावधान छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button