RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र शुरू: 15 बैठकों में गूंजेंगे 2813 सवाल, 24 फरवरी को पेश होगा 2026-27 का बजट

रायपुर, 23 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की सियासत का सबसे अहम दौर आज से शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च तक चलेगा। इस अवधि में सदन की कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें वित्तीय और नीतिगत मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।

सत्र का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगा। उनके संबोधन के बाद कृतज्ञता प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इसके पश्चात वित्त मंत्री ओपी चौधरी वित्तीय वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखेंगे, जिसमें राज्य की आर्थिक स्थिति और विकास संकेतकों का ब्यौरा होगा।

24 फरवरी को आएगा नया बजट

वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे प्रस्तुत किया जाएगा। बजट पर 26 और 27 फरवरी को सामान्य चर्चा निर्धारित है। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर क्रमवार विचार-विमर्श होगा। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा और 18 मार्च को उसके पारित होने की संभावना जताई जा रही है।

सवालों की झड़ी से होगी सरकार की परीक्षा

इस बार सत्र के दौरान सदन में 2813 प्रश्न सूचीबद्ध किए गए हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, नियम 139 के अंतर्गत एक तात्कालिक लोक महत्व का मामला, 13 निजी संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं तथा 112 याचिकाएं भी प्राप्त हुई हैं। इससे स्पष्ट है कि सदन में मुद्दों पर तीखी बहस होने के आसार हैं।

दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि

सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक दीनदयाल पोर्ते को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

राजनीतिक दृष्टि से यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्ता पक्ष जहां अपनी उपलब्धियों को सामने रखने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करने की रणनीति बना चुका है। आगामी बजट राज्य की विकास दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button