ई-मेल से आई बम धमकी के बाद अलर्ट पर प्रशासन, गुजरात की 6 अदालतों में सुरक्षा कड़ी

गुजरात : गुजरात में लगातार दूसरे दिन बम धमकी से हड़कंप की स्थिति बन गई। स्कूलों को भेजी गई फर्जी धमकियों के 24 घंटे के भीतर मंगलवार को राज्य की छह जिला अदालतों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और न्यायिक प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और एहतियातन सभी संबंधित कोर्ट परिसरों को खाली करा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ईमेल अहमदाबाद, वडोदरा, वलसाड, राजकोट, गांधीनगर और मेहसाणा की अदालतों को भेजे गए थे। कुछ ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में कई आईईडी लगाए गए हैं और वे दोपहर से पहले विस्फोट करेंगे। खतरे की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जांच एजेंसियों ने प्रारंभिक जांच में इन धमकियों को अफवाह करार दिया है। हालांकि, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अदालतों में प्रवेश से पहले सघन जांच की जा रही है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही अहमदाबाद और वडोदरा के दर्जनों स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो जांच में झूठे साबित हुए। अब साइबर क्राइम सेल दोनों घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर लोकेशन को ट्रैक कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इन धमकियों के पीछे कोई संगठित गिरोह है या शरारती तत्वों की करतूत।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता और सभी संवेदनशील संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।



