OTP फ्रॉड पर एयरटेल का बड़ा वार: AI-पावर्ड रियल-टाइम ‘फ्रॉड अलर्ट सिस्टम’ लॉन्च

नई दिल्ली, 11 फरवरी 2026। देश में बढ़ते OTP लीक और बैंकिंग फ्रॉड के मामलों के बीच एयरटेल ने ग्राहकों की सुरक्षा जीबी के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने एक नया AI-आधारित फ्रॉड अलर्ट सिस्टम लॉन्च किया है, जो संदिग्ध कॉल के दौरान OTP साझा करने से पहले ही ग्राहकों को रियल-टाइम में चेतावनी देगा।
दरअसल, साइबर ठग डिलीवरी एजेंट, बैंक अधिकारी या कस्टमर सपोर्ट का रूप धारण कर लोगों पर जल्दबाज़ी का दबाव बनाते हैं और बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़ा OTP हासिल कर लेते हैं। OTP साझा होते ही बैंक खाते से रकम उड़ाने का खतरा बढ़ जाता है।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
एयरटेल का AI-पावर्ड सिस्टम नेटवर्क स्तर पर सक्रिय रहेगा। यदि किसी संदिग्ध इनकमिंग कॉल के दौरान बैंक से OTP आता है, तो सिस्टम तुरंत ‘फ्रॉड अलर्ट’ जारी करेगा। यह अलर्ट ग्राहक को आगाह करेगा कि कॉल पर रहते हुए OTP साझा करना जोखिम भरा हो सकता है।
कंपनी का दावा है कि यह समाधान रियल-टाइम में धोखाधड़ी की पहचान करने और उसे रोकने के लिए डिज़ाइन किया गया है। व्यापक परीक्षणों में इस तकनीक ने उच्च सटीकता और प्रभावशीलता दिखाई है।
एयरटेल CEO का बयान
एयरटेल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO शाश्वत शर्मा ने कहा कि कंपनी सुरक्षित नेटवर्क बनाने के मिशन पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि OTP डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है, लेकिन अपराधी लगातार इसकी प्रणाली को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नया AI-संचालित समाधान नेटवर्क स्तर पर पहले से सक्रिय होकर फ्रॉड की पहचान करेगा और उसे रोकने में मदद करेगा।
पहले भी उठाए गए कदम
पिछले दो वर्षों में एयरटेल ने स्पैम कॉल अलर्ट और खतरनाक लिंक ब्लॉक करने जैसे कई AI-आधारित फीचर शुरू किए हैं। इनसे फ्रॉड में कमी आई है, लेकिन ठग अब भी नई चालों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।
फिलहाल यहां सक्रिय
यह नया फ्रॉड अलर्ट सिस्टम अभी हरियाणा में लागू किया गया है और कंपनी अगले दो हफ्तों में इसे देशभर के सभी ग्राहकों के लिए चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराएगी।



