लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर चर्चा, 4 फरवरी को पीएम मोदी का संबोधन तय

नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र में सोमवार से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर दोनों सदनों में विस्तृत चर्चा की शुरुआत हो रही है। इस बहस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को लोकसभा में सरकार की ओर से जवाब देंगे। इसकी जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी है।
किरेन रिजिजू के अनुसार, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर कुल तीन दिनों तक चर्चा होगी, जिसके लिए संसद में 18 घंटे का समय तय किया गया है। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।
लोकसभा में सोमवार को केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि इसका समर्थन भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या करेंगे। चर्चा की शुरुआत विपक्ष की ओर से की जाएगी, जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सबसे पहले अपनी बात रखेंगे।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया था, जिसके बाद अब संसद का फोकस राष्ट्रपति के अभिभाषण और उस पर होने वाली चर्चा पर केंद्रित हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इस बहस के दौरान सरकार की नीतियों और प्राथमिकताओं को लेकर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।


