RO.NO. 01
छत्तीसगढ़दुर्घटनाभाटापारा

रियल इस्पात संयंत्र हादसा: मृतक श्रमिकों के परिजनों को 20 लाख और घायलों को 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा

बलौदाबाजार, 23 जनवरी 2026।तहसील भाटापारा अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात एंड एनर्जी इस्पात पावर प्लांट में गुरुवार को हुए दर्दनाक औद्योगिक हादसे को लेकर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे में 6 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 5 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को बेहतर उपचार के लिए बर्न एवं ट्रीटमेंट सेंटर, बिलासपुर रेफर किया गया है।

कारखाना प्रबंधन द्वारा प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजनों को 20 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल श्रमिक के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक मृतक के परिजन को कर्मचारी क्षतिपूर्ति कोष से औसतन 10 लाख रुपये तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के माध्यम से आगामी वर्षों में पेंशन के रूप में औसतन 15 लाख रुपये प्राप्त होंगे।
इस प्रकार प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजन को कुल मिलाकर औसतन 45 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। वहीं घायल श्रमिकों को 5 लाख रुपये मुआवजे के साथ-साथ कर्मचारी राज्य बीमा निगम के माध्यम से कार्य पर लौटने तक नियमानुसार जीवनयापन भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।

सुरक्षा की दृष्टि से संयंत्र में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। फिलहाल प्लांट परिसर और आसपास की कानून-व्यवस्था पूरी तरह शांतिपूर्ण बताई जा रही है।

मृतक श्रमिकों की सूची

  1. विनय भुईया, पिता मंगर भुईया (39 वर्ष)
  2. बद्री भुईया, पिता छटु भुईया (52 वर्ष)
  3. सुंदर भुईया, पिता शिवम भुईया (49 वर्ष)
  4. श्रवण भुईया, पिता शंकर भुईया (22 वर्ष)
  5. जितेन्द्र भुईया, पिता रामकेवल भुईया (37 वर्ष)
  6. राजदेव भुईया, पिता सुंदर भुईया (22 वर्ष)

सभी मृतक बिहार राज्य के ग्राम गोटीबांध के निवासी थे।

घायल श्रमिक

  1. रामू भुईया, पिता लखन भुईया (37 वर्ष), बिहार – ग्राम गोटीबांध
  2. कल्फु भुईया, पिता सीदी भुईया (45 वर्ष), बिहार – ग्राम गोटीबांध
  3. सराफत अंसारी (32 वर्ष), झारखंड – ग्राम राजहरा
  4. मुमताज अंसारी (26 वर्ष), झारखंड – ग्राम राजहरा
  5. साबिर अंसारी (34 वर्ष), झारखंड – ग्राम राजहरा

प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button