मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर में तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का किया भव्य शुभारंभ

बलरामपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलरामपुर जिले में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति, लोहड़ी एवं पोंगल की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य उपासना का पर्व है, जो भारतीय संस्कृति, एकजुटता और समृद्धि का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय ने तातापानी महोत्सव के आयोजन के लिए प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने तपेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में प्राचीन शिव चबूतरे पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिला मुख्यालय में शासकीय महिला कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल, डाइट संचालन हेतु भवन तथा जिला पंजीयन कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही 655 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले को विकास की नई सौगात दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और जनता से किए गए सभी वादों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं, किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिल रहा है और 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता मिल रही है। इसके अलावा 5 लाख से अधिक भूमिहीन किसानों को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 10 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम की यात्रा कर चुके हैं।
बच्चों संग मनाई मकर संक्रांति
मुख्यमंत्री ने तातापानी में 60 फीट ऊँची भगवान शिव की प्रतिमा के समीप स्कूली बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
200 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विवाह बंधन में बंधे 200 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ दीं।
शिल्पकारों को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुम्हार शिवमंगल के साथ चाक घुमाकर पारंपरिक माटीकला और ग्रामीण हस्तशिल्प को प्रोत्साहन दिया।
विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनजातीय व्यंजन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, साइबर जागरूकता और ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसे नवाचारों की सराहना की।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



