छत्तीसगढ़ वोटर लिस्ट अपडेट पर बवाल: 27 लाख नाम हटे, 2.74 लाख नए मतदाताओं ने किया आवेदन

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रथम चरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाताओं का आंकड़ा सामने रखा है। इसी के साथ ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है और जिन नागरिकों के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनसे दावा और आपत्ति आमंत्रित की गई है।
नाम जोड़ने के लिए बढ़ी आवेदन करने वालों की संख्या
SIR प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची में नाम शामिल कराने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों से अब तक 2 लाख 74 हजार से अधिक नागरिकों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए नए सिरे से आवेदन फॉर्म जमा किए हैं। इन आवेदनों की विस्तृत जांच और स्क्रूटनी के बाद योग्य पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल किए जाएंगे।
45 दिनों तक चला घर-घर सत्यापन अभियान
गौरतलब है कि यह विशेष पुनरीक्षण अभियान 7 नवंबर से शुरू होकर लगभग 45 दिनों तक चला। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने राज्यभर में घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया। जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में दर्ज नहीं पाए गए हैं, उन्हें निर्वाचन आयोग की ओर से नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ दोबारा नाम दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा।
दावे-आपत्तियों की समय-सीमा तय, 21 फरवरी को आएगी अंतिम सूची
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक मतदाता अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। सभी चरण पूरे होने के बाद छत्तीसगढ़ की अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।



