मारपीट व जान से मारने की धमकी मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

भाटापारा सिमगा:- थाना सिमगा क्षेत्र में एक बड़ी घटना को अंजाम देने वाले 04 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है| प्रार्थी विकास दास मानिकपुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 09 सितंबर 2025 की रात लगभग 11:30 बजे एक वर्टस कार ने एक्सीडेंट कर भागने की कोशिश की। जब प्रार्थी ने कार रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उसे घायल करते हुए वाहन भगाया।
पीछा करते हुए प्रार्थी नारायणी रेस्टोरेंट पहुंचा, जहां कार खड़ी थी। वहां आरोपी देवेंद्र कुमार सचदेव अपने बेटों व साथियों के साथ पहुंचा और प्रार्थी को जान से मारने की धमकी देते हुए अश्लील गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद देवेंद्र का बड़ा बेटा स्कॉर्पियो वाहन से आया और सभी ने मिलकर हॉकी स्टिक, सरिया, लोहे का पंच आदि से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई।
थाना सिमगा पुलिस ने प्रकरण क्र. 492/2025 धारा 109, 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट की बात कबूल की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वर्टस कार (CG04 QH0014), स्कॉर्पियो वाहन (CG22 Z0014), हॉकी स्टिक, सरिया व अन्य सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
- देवेंद्र कुमार सचदेव (52 वर्ष), निवासी सचदेव साइकिल स्टोर्स, भाटापारा
- माधव सचदेव (23 वर्ष), निवासी भाटापारा
- देवांश सचदेव (27 वर्ष), निवासी भाटापारा
- आशीष कुमार सविता (29 वर्ष), निवासी दिल्ली, वर्तमान निवासी ग्राम चंदेरी थाना सिमगा
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।