एकलव्य विद्यालयों के करीब दो हजार खिलाड़ी 20 खेलों में दिखाएंगे दम 19-20 अगस्त को बिलासपुर में राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता

रायपुर | प्रदेशभर के एकलव्य विद्यालयों के लगभग दो हजार खिलाड़ी आगामी 19 और 20 अगस्त को बिलासपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में अपना कौशल दिखाएंगे। यह आयोजन भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की पहल पर किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन और समापन समारोह राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 अगस्त को प्रातः 11 बजे और समापन 20 अगस्त को दोपहर 3 बजे होगा। इसमें प्रदेश के एकलव्य विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ 20 खेलों में भाग लेंगे, जिनमें 13 व्यक्तिगत खेल और 7 सामूहिक खेल शामिल हैं।
व्यक्तिगत खेल – तीरंदाजी, एथलेटिक्स, जुडो, ताइक्वांडो, वेट लिफ्टिंग, कुश्ती (फ्री स्टाइल), योग, शतरंज, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, टेनिस, तैराकी और बॉक्सिंग।
सामूहिक खेल – हॉकी, कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, खो-खो और वॉलीबॉल।
प्रतियोगिताओं का आयोजन बहतराई स्टेडियम, पिंक स्टेडियम गांधी चौक, बिलासा कॉलेज, संजय तरण पुष्कर, रेलवे बॉक्सिंग रिंग, पुलिस मैदान और साइंस कॉलेज सहित विभिन्न स्थलों पर होगा।
प्रतियोगिता में शामिल महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था बिलासपुर के अलग-अलग छात्रावासों में की गई है।