BJP को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का इंतजार: प्रदेश कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित, अगले माह तेज होगी कवायद

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) छत्तीसगढ़ की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया फिलहाल थमी हुई है। इसकी प्रमुख वजह राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के नए अध्यक्ष की घोषणा का इंतजार है। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के अनुसार, प्रदेश कार्यकारिणी का अनुमोदन राष्ट्रीय नेतृत्व से होता है। ऐसे में जब तक नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त नहीं होता, तब तक प्रदेश कार्यकारिणी को अंतिम रूप नहीं दिया जा सकता।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को पदभार संभाले पांच माह हो चुके हैं, लेकिन अब तक नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार, जुलाई माह से कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना है। इस बार कार्यकारिणी में व्यापक फेरबदल तय माने जा रहे हैं।
महामंत्री पदों पर होंगे नए चेहरे
भाजपा प्रदेश महामंत्रियों के चार पदों पर नए चेहरों को मौका मिलने के संकेत हैं। वर्तमान में महामंत्री रहे जगदीश रामू रोहरा धमतरी के महापौर बन चुके हैं, जबकि संजय श्रीवास्तव को नागरिक आपूर्ति निगम (नान) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, दो अन्य महामंत्रियों को उपाध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें हैं। इन स्थितियों को देखते हुए महामंत्री पदों पर पूरी तरह नया नेतृत्व सामने आ सकता है।
मंडल और जिला कार्यकारिणी के बाद बनेगी प्रदेश कार्यकारिणी
प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में विलंब का एक अन्य कारण यह भी है कि अब तक मंडल और जिला कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है। पार्टी की संगठनात्मक परंपरा के अनुसार, निचले स्तर की इकाइयों के गठन के बाद ही प्रदेश स्तर की कार्यकारिणी तैयार की जाती है। ऐसे में पहले जिलों और मंडलों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
संगठन में स्थान पाने वालों की होगी छुट्टी
भाजपा संगठन से जुड़े करीब 20 पदाधिकारियों को राज्य सरकार के निगम, मंडल, आयोग और बोर्डों में नियुक्तियां मिल चुकी हैं। इन पदाधिकारियों के स्थान पर भी नई नियुक्तियां तय हैं। आने वाले समय में निगम-मंडलों की तीसरी सूची जारी होने के बाद और पदाधिकारी कार्यकारिणी से बाहर हो सकते हैं।
मोर्चा अध्यक्षों में भी होंगे बदलाव
प्रदेश भाजपा के सात मोर्चों महिला, युवा, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक मोर्चा के नए अध्यक्षों की घोषणा भी कार्यकारिणी के साथ की जाएगी। महिला मोर्चा की वर्तमान अध्यक्ष शालिनी राजपूत को छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि किसान मोर्चा के अध्यक्ष तोखन साहू अब केंद्रीय मंत्री बन चुके हैं। ऐसे में इन पदों पर भी नए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।