
बीजापुर : ग्राम कोरचोली थाना गंगालूर क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED विस्फोट में एक 15 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर की पहचान राम पोटाम, पुत्र स्व. लच्छु पोटाम, निवासी ग्राम कोरचोली नदीपारा के रूप में हुई है।
घटना के विवरण के अनुसार, राम पोटाम सुबह के समय लेंड्रा–कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर गया था, तभी पूर्व में लगाए गए IED विस्फोट की चपेट में आ गया। इस विस्फोट से उसके पैर में गंभीर चोटें आईं।
घायल को मौके पर 222 बटालियन केरिपु कैम्प, कोरचोली में प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया, इसके बाद बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल, बीजापुर भेजा गया।
सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान और IED निष्क्रियकरण की कार्रवाई तेज कर दी है।
सुरक्षा विभाग की अपील:
आमजन से अनुरोध किया गया है कि जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या सामग्री के बारे में तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को सूचित करें।
यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा की गंभीर चुनौतियों को दर्शाती है और स्थानीय प्रशासन तथा सुरक्षा बलों की सतर्कता की आवश्यकता पर जोर देती है।



