अतिक्रमण खाली करने गए राजस्व को टीम के साथ धक्का मुक्की गली गलौज लाठी से हमला करने वाले 15 आरोपी गिरफ्तार,

बलरामपुर : रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई राजस्व टीम के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और लाठी से हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रामचंद्रपुर पुलिस ने घटना में शामिल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर गांव स्थित बालक छात्रावास की शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण किया गया था। इसी को हटाने के लिए 9 दिसंबर 2025 को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने टीम का विरोध करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने राजस्व अमले के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और लाठी से हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने करीब दो घंटे तक राजस्व टीम को घेरकर रखा और विरोध स्वरूप मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना के बाद तहसीलदार अश्वनी चंद्र, तहसील रामचंद्रपुर द्वारा मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे।
रामचंद्रपुर पुलिस ने लगातार दबिश देकर सभी 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उन्हें विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारियों पर हमले करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




