RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

12वीं बोर्ड परीक्षा आज से शुरू, अधूरे पाठ्यक्रम को लेकर बढ़ी चिंता

भाटापारा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (सीजीबीएसई) द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज 20 फरवरी से प्रारंभ हो गई हैं। परीक्षाएं 18 मार्च 2026 तक संचालित की जाएंगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

भाटापारा ब्लॉक से इस वर्ष कुल 2367 छात्र-छात्राएं 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं अनुशासन को लेकर प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी, उड़नदस्ता दल और पर्याप्त पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

हालांकि, परीक्षा प्रारंभ होने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था पर सवाल भी उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार भाटापारा ब्लॉक के कुछ शासकीय विद्यालयों में अभी तक 10वीं और 12वीं कक्षाओं का पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं हो पाया है। ऐसे में विद्यार्थियों और अभिभावकों के मन में चिंता स्वाभाविक है।

सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब पूरा कोर्स ही समय पर समाप्त नहीं हुआ, तो छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट परिणाम कैसे ला पाएंगे? बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर अधूरी तैयारी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास पर असर डाल सकती है। कई छात्र-छात्राओं ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शिक्षकों की अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यस्तता के कारण नियमित पढ़ाई प्रभावित हुई।

शिक्षा जगत के जानकारों का मानना है कि यदि समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं कराया गया तो इसका सीधा असर परीक्षा परिणामों पर पड़ सकता है। वहीं अभिभावकों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले ऐसी स्थिति शिक्षा तंत्र की गंभीर खामी को उजागर करती है।

अब देखना होगा कि छात्र-छात्राएं सीमित तैयारी के बावजूद किस तरह इस चुनौती का सामना करते हैं और क्या भाटापारा ब्लॉक इस वर्ष भी उत्कृष्ट परिणाम देने में सफल हो पाएगा या नहीं।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button