पाकिस्तान की न्यूट्रल वेन्यू की मांग खारिज, हॉकी इंडिया बोला- खेलना है तो भारत आना होगा

नई दिल्ली। भारत में प्रस्तावित 2026 पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भारत और पाकिस्तान के हॉकी संघों के बीच विवाद सामने आया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट को भारत से बाहर आयोजित कराने या पाकिस्तान के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग की है। वहीं, हॉकी इंडिया ने इस मांग को खारिज कर दिया है।
2026 पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से मोहाली में प्रस्तावित है। PHF अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने एशियन हॉकी फेडरेशन (AHF) से टूर्नामेंट का आयोजन स्थल बदलने अथवा पाकिस्तान के सभी मुकाबले न्यूट्रल स्थान पर कराने का अनुरोध किया है।
PHF का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा संवेदनशील संबंधों को देखते हुए पाकिस्तानी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। इसी आधार पर फेडरेशन ने वेन्यू बदलने की मांग की है।
वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने साफ कहा है कि आयोजन स्थल में बदलाव का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है तो उसे भारत आना होगा।
पाकिस्तान के भारत नहीं आने की स्थिति में हॉकी इंडिया ने वैकल्पिक व्यवस्था का संकेत भी दिया है। भोला नाथ सिंह के अनुसार, पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश या ओमान में से किसी टीम को टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है।
इस बीच पाकिस्तान की भारत यात्रा पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। PHF के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी टीम को भारत आने के लिए अभी तक अपनी सरकार से मंजूरी नहीं मिली है।
अब टूर्नामेंट के आयोजन स्थल और पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला एशियन हॉकी फेडरेशन और पाकिस्तान सरकार के रुख पर निर्भर करेगा। आने वाले दिनों में इस मामले में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।



