छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की पहचान स्थापित करने में अर्जुन्दा का महत्वपूर्ण योगदान विकास यात्रा 2018 बालोद जिले को मिली नयी ऊंचाईयां: डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने बालोद में किया 75 करोड़ की लागत के 74 निर्माण कार्यो का लोकार्पण-भूमिपूजन
जिले के 92 हजार से अधिक किसानों को मिला 115.27 करोड़ का बोनस जिले के 70 हजार से अधिक परिवारों को मिला आबादी पट्टा
बालोद - मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि बालोद जिले के गठन से इस क्षेत्र के विकास को नयी ऊंचाईयां मिली हैं। आम जनता की सुविधा के लिए यहां नया कलेक्टोरेट भवन बना और विभिन्न विभागों के कार्यालय प्रारंभ हुए, क्षेत्र की जनता को नया जिला अस्पताल मिला। नया जिला बनने के बाद यहां विकास के कई बड़े काम पूरे हुए हैं।
मुख्यमंत्री आज प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान बालोद जिले के ग्राम अर्जुंदा (विकासखण्ड-गुण्डरदेही) में आयोजित विशाल आम सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अर्जुंदा गांव की अपनी विशिष्ट पहचान है। इस गांव ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस क्षेत्र के कण-कण में छत्तीसगढ़ की लोक कला का वास है। डॉ. ंिसंह ने आमसभा में जिले की जनता को 74.94 करोड़ रूपए लागत के 74 विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इनमें से 25.57 करोड़ रूपए की लागत के 40 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 49.37 करोड़ रूपए के 34 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने आम सभा को संबेाधित करते हुए कहा कि जल्द ही गांव-गांव में इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलेगी और मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों, खेतों में काम करने वाली महिलाओं, कॉलेज के विद्यार्थियों, किसानों और ग्रामीणों के हाथ में जल्द ही स्मार्ट फोन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना क्रांति योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 55 लाख स्मार्ट फोन निःशुल्क बांटे जाएंगें। इसके लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। इंटरनेट कनेक्टिविटी देने के लिए भारत नेट परियोजना के अंतर्गत लगभग 3000 करोड़ रूपए की लागत से 3600 किलोमीटर ऑप्टिकल केबल बिछाने का काम प्रारंभ कर दिया गया है। मोबाईल कनेक्टिविटी के लिए गांव-गांव में टॉवर लगाये जाएंगें। डॉ. सिंह ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रदेश के 37 लाख परिवारों को 5 लाख रूपए तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। इस राशि से गरीब परिवारों के लिए दिल, लिवर, किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज कराना आसान होगा
उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षो में उन्हें जनता का भरपूर सहयोग, समर्थन और आशीर्वाद मिला है। आने वाले 5 वर्षो में प्रदेश की विकास की गति और भी अधिक तेज होगी। कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भीषण गर्मी में आम जनता से मिलने और जनता को विकास की योजनाओं से जोड़ने के लिए निकले हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गरीबों को भूख से मुक्ति दिलाई है, गांव-गांव में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा की व्यवस्था की गई है। किसानों के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की गई है। लोकसभा सांसद विक्रम उसेण्डी ने भी आम सभा को संबोधित किया।
डॉ. सिंह जिन निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया, उसमें लगभग 21 करोड़़ रूपए लागत से ग्राम कुथरेल-भाठागॉव-औरी-परसाही तक बनने वाली सड़क, तीन करोड़ 80 लाख रूपए लागत से अछोली से संजारी मार्ग पर बनने वाले पुल, दो करोड़ 46 लाख रूपए लागत से चौरेल से मोहलाई मार्ग पर पुल निर्माण, दो करोेड़ 41 लाख रूपए लागत से भिलाई से तिलखैरी मार्ग पर पुल निर्माण और दो करोड़ 32 लाख रूपए लागत से मेन रोड से मोंगरी मार्ग पर पुल निर्माण के कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर विधायक राजेन्द्र राय, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू, प्रीतम साहू, श्री लाल महेन्द्र सिंह टेकाम और कुमारी बाई साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।