Date : 27-June-2019
रायपुर:- छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन के तहत 8 लाख के इनामी खूंखार नक्सली लीडर मुईवा उर्फ गगन्ना को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय में नक्सल डीआईजी पी. सुंदरराज ने प्रेसवार्ता लेते हुए बताया कि नक्सल विरोधी अभियान के तहत मैनपुर-नुआपाड़ा में संयुक्त डिवीजन की कार्रवाई पर 8 लाख के इनामी खूंखार नक्सली लीडर मुईवा उर्फ गगन्ना को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 8 लाख की इनामी सीतानदी एरिया कमेटी के सचिव नक्सली सीमा को एनकाऊंटर में मार गिराया था।
बताया जाता है कि गिरफ्तार नक्सली मुईवा उर्फ गगन्ना उर्फ डोकरा माओवादी डिवीजनल कमेटी का सदस्य है और ग्राम बसवापुर थाना मरपल्ली जिला गढ़चिरौली महाराष्ट्र का रहने वाला है। मुईवा के खिलाफ गरियाबंद और धमतरी के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, आगजनी, मारपीट जैसे जघन्य अपराध दर्ज है। वह नक्सली संगठन में लगभग 30 साल से सक्रिय था। जिसमें 10 वर्षो से जिला गरियाबंद व धमतरी के गोबरा, छोटेगोबरा, बड़े गोबरा, चंदनबहरा, भैसामुड़ा, मटियाबहरा, चारगांव, कटीपारा, सहित अन्य क्षेत्र में आतंक का माहौल फैला रखा था।
इसके खिलाफ शासन ने 8 लाख रुपए का इनाम की घोषणा किया था। डीआईजी ने आगे बताया कि नक्सलियों के खिलाफ नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा । बता दें कि नक्सलियों द्वारा लगातार घटनाओं को अंजाम देने के बाद आज दंतेवाड़ा से 60 पुलिस जवानों को जंगलो में ऑपरेशन मानसून के तहत रवाना किया है। इस ऑपरेशन में जवानों को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।