बोरवेल में गिरे चार वर्षीय बालक रोशन को सकुशल बाहर निकाल लिया गया
देवास - जिंदगी आखिर जीत गई। ग्राम उमरिया स्थित खेत के 8 इंच गोलाई के खुले बोरवेल में शनिवार सुबह गिरे चार वर्षीय बालक रोशन को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
देवास जिले के खातेगांव के समीप ग्राम उमरिया में मजदूरी करने आई काजीपुरा निवासी महिला का 4 वर्षीय बालक रोशन पिता भीमसिंह अपने बड़े व छोटे भाई के साथ खेत में खेल रहे थे कि अचानक सुबह 11 बजे के लगभग रोशन खेत में खुले बोर बेल में जा गिरा।. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन बिना साधन के 1 जेसीबी के साथ जा पंहुचा जो 40 फिट गहरे गड्ढे की खुदाई के लिया ना काफी थी। शाम 4 बजे 2 पोकलेन मशीन बुलाई गई तब रेस्क्यू में तेजी आई।
बच्चे को बचाने के लिए अभियान कई स्तरों पर चलाया गया। करीब 35 घंटे की मशक्कत के बाद लगभग 37 फीट गहरे बोरवेल में गिरे इस बालक को निकाल लिया गया। बच्चे को फिलहाल डाॅक्टरों की निगरानी में खातेगांव अस्पताल भेजा गया है। हवलदार अवतार सिंह ने रस्सी के सहारे बालक को बाहर निकाला। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ है।
देवास कलेक्टर आशीष सिंह ने इस अभियान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद दिया। मंत्री अर्चना चिटनीस और दीपक जोशी ने भी बचाव अभियान में अहम भूमिका निभाने वालों का शुक्रिया अदा किया।क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा ने इस अभियान को बड़ी चुनौती बताया।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस मामले में ट्वीट करते हुए सबके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
Leave a comment